फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय मैत्री दिवस: भारतीय सेना के अनिल ने जीती मैत्री दौड़

Sun, 04 Aug 2019 10:51 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंपावत
विज्ञापन
मैत्री दौड़ के प्रथम अनिल। - फोटो : TANAKPUR
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय मैत्री दिवस पर एसएसबी 57वीं वाहिनी की ओर से आयोजित भारत-नेपाल चतुर्थ हाफ मैराथन में कुमाऊं रेजीमेंट के अनिल यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में मुजफ्फरनगर की छात्रा अर्पिता सैनी प्रथम रहीं।
विज्ञापन


वह लगातार दूसरी बार प्रथम आईं हैं। हाफ मैराथन में कुल 387 प्रतिभागियों ने शिरकत की। इनमें 329 पुरुष और 58 महिलाएं शामिल रहीं। दौड़ के लिए 518 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। भारत के 316 प्रतिभागियों में 290 पुरुष और 26 महिलाएं शामिल हुईं। नेपाल के 71 प्रतिभागियों में 39 पुरुष और 32 महिलाएं थीं।

रविवार को दौड़ का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसएसबी के डीआईजी एचएनएस बिष्ट और नेपाल एपीएफ के डीआईजी गोविंद क्षेत्री ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर किया। डीआईजी एचएनएस बिष्ट ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से भारत-नेपाल के बीच मित्रता और अधिक प्रगाढ़ होगी।
विज्ञापन


पुरुष वर्ग में पहला पुरस्कार रानीखेत के अनिल यादव को मिला। उन्होंने एक घंटा 20 मिनट में 21 किमी की दूरी तय की। दूसरे स्थान पर रहे वाराणसी निवासी मोहम्मद शाहिद ने 1 घंटा 20 मिनट और 33 सेकेंड और तीसरा स्थान पाने वाले गाजीपुर निवासी हरेंद्र सिंह चौहान ने 1 घंटा 20 मिनट 35 सेकेंड में दौड़ पूरी की।

महिला वर्ग में पहले स्थान पर रहीं अर्पिता सैनी ने 1 घंटा 30 मिनट 53 सेकेंड में दौड़ पूरी की। दूसरे स्थान पर रहीं अमरोहा की रेनू ने 1 घंटा 33 मिनट 32 सेकेंड में दौड़ पूरी की। रेनू ने पिछले वर्ष भी दूसरा स्थान प्राप्त किया था। तीसरे स्थान पर रहीं चंपावत की ममता जोशी ने 1 घंटा 56 मिनट 29 सेकेंड में दौड़ पूरी की।

दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को क्रमश: 25, 15 और पांच हजार रुपये की राशि के चेक दिए गए। समापन समारोह में एसएसबी, एपीएफ नेपाल के कलाकारों के अलावा विभिन्न स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर 57वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेश कुमार त्रिपाठी के अलावा अन्य अधिकारी आदि ने सहयोग दिया।

देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना अनिल का लक्ष्य
मैत्री दौड़ में प्रथम रहे एसएसबी के अनिल सिंह यादव बलिया (यूपी) के रहने वाले हैं। वे रानीखेत में 5वीं कुमाऊं रेजीमेंट में हवलदार के पद पर तैनात हैं। ओलंपिक में प्रतिभाग कर देश के लिए स्वर्ण पदक लाना उनका लक्ष्य है।

लगातार दूसरी बार जीतीं अर्पिता
एसएसबी की मैत्री दौड़ में महिला वर्ग में पहला स्थान प्राप्त करने वाली धाविका अर्पिता सैनी ने वर्ष 2018 में भी पहला और 2016 में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। यूपी के मुजफ्फरनगर की रहने वाली अर्पिता मास्टर आफ फिजिकल एजूकेशन (एमपीएड) की छात्रा हैं।

 


तीन लोगों को मिला सांत्वना पुरस्कार
मैत्री दौड़ में सर्वाधिक आयु के दौड़ पूरी करने वाले नेपाल कंचनपुर निवासी वीर सिंह रावत चंद्र (68) और सबसे कम आयु के यूएस नगर जिले नानकमत्ता के लखविंदर सिंह (14) के अलावा नेपाल की ओर से सबसे पहले दौड़ पूरी करने वाले महेश सिंह धामी को सांत्वना पुरस्कार मिला। वीर सिंह ने 21 किमी दूरी 3 घंटे 40 मिनट में और लखविंदर सिंह (14) ने 2 घंटे 45 मिनट में दौड़ पूरी की। नेपाल के प्रतिभागियों में सबसे आगे रहे महेश धामी ने 1 घंटा 32 मिनट 27 सेकेंड में लक्ष्य हासिल किया।

धावकों ने पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक समय लिया
इस बार विजेता धावकों को दौड़ पूरी करने में पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक समय लगा। समय बढ़ने का कारण भीषण गर्मी का होना बताया जा रहा है। पिछले वर्ष प्रथम रहे विष्णु नंदन राठौर ने 1 घंटा 7 मिनट 15 सेकेंड में 21 किमी की दूरी तय की थी। इस बार के विजेता ने 13 मिनट 15 सेकेंड का अधिक समय लिया।
महिला वर्ग में पहले स्थान पर रहीं अर्पिता सैनी ने दौड़ 1 घंटा 26 मिनट 19 सेकेंड में पूरी की थी जबकि इस बार भी प्रथम रहीं अर्पिता ने पिछले वर्ष की अपेक्षा 4 मिनट 34 सेकेंड का अधिक समय लिया।

 

मैत्री दौड़ की प्रथम अर्पिता।

 

बनबसा में एसएसबी की मैत्री दौड़ में दौड़ लगाते धावक।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें