जिला भेषज सहकारी संघ लिमिटेड का बुधवार को प्रस्तावित वार्षिक अधिवेशन कोरम पूरा नहीं होने से नहीं हो सका। काफी देर तक इंतजार करने और फोन से बुलाने के बावजूद जरूरी संख्या नहीं हो सकी।
भेषज संघ के सचिव आरके भारती ने बताया कि भेषज संघ में 39 संस्थागत सहित कुल 54 सदस्य हैं। अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए अध्यक्ष मुन्नी जोशी सहित करीब 30 सदस्य तो पहुंचे, लेकिन मध्यान्ह 12 बजे तक इंतजार करने के बावजूद कोरम के लिए निर्धारित दो-तिहाई (36) सदस्यों की उपस्थिति नहीं होने से अधिवेशन को टाल दिया गया। सचिव ने बताया कि अब यह अधिवेशन 7 जनवरी को आहूत किया जाएगा।
जीवित सदस्य को दिखा दिया मरा
चंपावत जिला भेषज सहकारी संघ लिमिटेड ने अपने एक जीवित सदस्य को मृत दिखा दिया। विक्रम सिंह नाम के सदस्य को जीवित होने के बावजूद मृत दिखाने पर चंपावत साधन सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष विकास साह ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने इस मामले को भेषज संघ के सम्मुख उठाया, जिस पर संघ के अधिकारियों ने इस गलती को सुधारने के साथ गलती के लिए खेद जताया।