चंपावत में आयोजित बैठक में विचार विमर्श करते पूर्व सैनिक।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सैनिकों के संगठन चंपावत टाइगर्स की मासिक बैठक में जिला मुख्यालय की पेयजल समस्या के समाधान के लिए निर्माणाधीन क्वैराला पेयजल योजना का कार्य शीघ्र पूरा किए जाने की मांग उठाई गई।
पूर्व सैनिक कल्याण कार्यालय के सभागार में रिटायर्ड कर्नल सुरेश अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व सैनिकों का कहना था कि नवंबर माह में ही जिले के विभिन्न हिस्सों में पेयजल का संकट गहराने लगा है। कुछ दिन पूर्व लोहाघाट में गोवंशज का अवशेष मिलने की घटना पर चर्चा की गई। पुलिस की ओर से अभी तक की गई जांच एवं समाचार पत्रों में दिए गए बयानों से संतुष्ट न होने पर रोष प्रकट किया गया। आशा व्यक्त की गई कि जल्द ही मामले के दोषियों को पुलिस पकड़ लेगी। बैठक में पूर्व स्क्वाड्रन लीडर मोहन चंद्र शर्मा, सूबेदार सुंदर सिंह देव, सूबेदार मेजर प्रकाश बिष्ट, सूबेदार हरीश सिंह, सूबेदार होशियार सिंह खड़ायत आदि ने विचार रखे।
पूर्व सैनिक बृजेश बिष्ट के कार्य की सराहना की
चंपावत। पूर्व सैनिक संगठन टाइगर्स चंपावत की बैठक में मझेड़ा के पूर्व सैनिक बृजेश बिष्ट की ओर से खुद सड़क का निर्माण किए जाने के कार्य पर खुशी जताते हुए उनकी भूरि भूरि प्रशंसा की गई। कर्नल सुरेश अधिकारी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों को बृजेश बिष्ट से सीख लेते हुए सामाजिक कार्यो में अपना योगदान देने के लिए आगे आने को कहा।