सीमांत क्षेत्र तामली को जोड़ने वाले एकमात्र मंच-तामली मोटर मार्ग पर घटिया हाटमिक्स कार्य को लेकर ग्रामीणों में रोष है, जिसे लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आठ मार्च को लोक निर्माण विभाग के डिवीजन कार्यालय में तालाबंदी करने का एलान किया है।
विधायक प्रतिनिधि विपिन जोशी, बीडीसी सदस्य कैलाश सिंह, शोभा जोशी, ग्राम प्रधान देवकी देवी, भवान सिंह, दान सिंह, अर्जुन सिंह, शीष राम, बद्री सिंह, राजेश पांडेय, दीवान सिंह, महा सिंह आदि जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क में नाली निर्माण किए बिना ही तामली से हाटमिक्स कार्य शुरू कर दिया है।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता इतनी घटिया है कि अभी से हाटमिक्स टूटने लगा है, जिन स्थानों पर नाली और स्कपर का निर्माण किया भी जा रहा है वहां स्थानीय स्तर पर रेत, बजरी आदि का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण होने के साथ ही नाली और स्कपर टूटने लगे हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि सीमांत क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क में किए जा रहे हाटमिक्स कार्य की जांच नहीं की जाती है तो ग्रामीणों को साथ लेकर जनांदोलन शुरू किया जाएगा।