टनकपुर (चंपावत)। कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे से चारों और खौफ बना हुआ है। विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने रविवार को घोषित जनता कर्फ्यू को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए कोरोना का संक्रमण रोकने से आम जनता से पूरे दिन घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। इधर कोरोना संक्रमण के खतरे के कारण टनकपुर सीमा से भारत-नेपाल के बीच आवागमन ठप हो गया है। नेपाल मार्ग पर सन्नाटा पसरा गया है।
-ट्रेन और वाहनों का संचालन रहेगा बंद
जनता कर्फ्यू के तहत रविवार को टनकपुर से ट्रेनों, रोडवेज की बसों और टैक्सी वाहनों का संचालन बंद रहेगा। रेलवे स्टेशन अधीक्षक डीएस दरियाल ने बताया कि ट्रेनों का संचालन रविवार को बंद रखने के आदेश मिले हैं। इसी तरह रोडवेज बसों का संचालन भी बंद रखने के आदेश है। टैक्सी यूनियन ने भी वाहनों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया है।
-पूर्णागिरि धाम में दवाआें का छिड़काव करें
मां पूर्णागिरि मंदिर समिति ने धाम क्षेत्र में दवाओं का छिड़काव करने की मांग की है। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय का कहना है कि 11 मार्च से छह दिनों तक चले मेले में देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही हुई, जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा बना हुआ है। संवाद
कोरोना वायरस के तहत सघन चैकिंग जारी
बनबसा (चंपावत)। कोरोना वायरस के खतरों के तहत जगबूड़ा पुल पर पुलिस और मेडिकल टीम की सघन चैकिंग व जांच चल रही है। मौज मस्ती के लिए आने वालों को वहीं से वापस लौटा दिया जा रहा है। पुलिस के अलवा तीन डाक्टरों की टीम जगबूड़ा पुल पर जिले के प्रवेश द्वार पर बाहर से आने वालों की जांच की जा रही है। एसीएमओ डा. एचएस ह्यांकी, डा. मो उमर, डा. शाहिद, डा.अंकित, डा. विकास, डा. गोविंद कापड़ी, डा.नवीन जोशी, डा. सुरेश कुमार कश्यप की टीम बाहर से आने वालों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर रहे हैं।