पीटीए शिक्षकों की नियुक्ति न किए जाने से भड़के भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्य शिक्षाधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। धमकी दी कि यदि शीघ्र ही पीटीए शिक्षकों की नियुक्तियां नहीं की गई तो मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में भाजयुमो कार्यकर्ता आमरण अनशन पर बैठेंगे।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष संजय ठाकुर के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री और डीएम द्वारा पीटीए शिक्षकों को मानदेय के साथ नियुक्तियां देने के आदेशों की जिला मुख्य शिक्षाधिकारी द्वारा अवहेलना की जा रही है। बनबसा के तीन पीटीए शिक्षकों की तैनाती किए जाने की संस्तुति मजिस्ट्रेट जांच द्वारा भी की गई है। लेकिन वर्षों से विद्यालयों में शिक्षण कार्य कर रहे पीटीए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जा रही है।
इस संबंध में उन्होंने राज्यपाल, केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजे हैं। प्रदर्शन में आदेश चौहान, पवन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, लोकेंद्र चंद, पवन, चंदन, रिजवान, सूरज जोशी, विनोद चंद, विनोद जोशी, कमल आदि थे।