टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर नगर पालिका सभागार में सभासदों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार से धरना शुरू किया। आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इससे विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है।
11 वार्ड वाली पालिका के सभी सदस्यों ने धरना दिया। दो सदस्यों के इस्तीफा देने से इस वक्त पालिका में नौ सदस्य हैं। धरना देने वालों में सभासद हसीब अहमद, योगेश पांडे, कपिल उप्रेती, रईस अहमद, अमित भट्ट, तुलसी कुंवर, पूजा टम्टा, सविता बिष्ट के अलावा एक सभासद हुकमा अंसारी के पति वकील अंसारी शामिल थे। वहीं ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी का कहना है कि सभासदों की सभी मांगों के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये हैं मुख्य मांगें
1.पर्यावरण मित्रों के कार्यालय के लिए भवन निर्माण।
2. कीटनाशक का छिड़काव कर सफाई व्यवस्था बेहतर करें, ताकि डेंगू से निजात मिले।
3. ठेकेदारों का बिना वजह भुगतान नहीं रोका जाए।
4. स्ट्रीट लाइट ठेकेदारों का तुरंत भुगतान हो।
5. बोर्ड की रजामंदी के बावजूद प्रभारी कर निरीक्षक के रूप में अर्जुन सिंह की तैनाती में हो रही देरी।
6. दो कर्मी अनुराधा यादव और प्रिया बिष्ट के स्थायीकरण का मामला।
7. गुणवत्ताविहीन कार्यों की जांच।
8. कई जगह स्ट्रीट लाइट की कमी।
9. नेहरू पार्क में बनी कैंटीन का संचालन कराएं।