प्राथमिक शिक्षकों की राष्ट्रव्यापी पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, नई शिक्षा नीति में प्रारंभिक शिक्षा का सुदृढ़ीकरण करने और अन्य मांगों के समर्थन में शिक्षकों ने शनिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रूद्र सिंह बोहरा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना तत्काल बहाल किए जाने, छठें केंद्रीय वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करते हुए सातवें केंद्रीय वेतन आयोग में संशोधन करते हुए एक जनवरी 2016 से पूरे देश में समान रूप से लागू किए जाने, अनुबंधित शिक्षकों को समायोजित किए जाने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति से शिक्षक विरोधी प्रावधानों को हटाने आदि की मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है।
प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा, बंशीधर थ्वाल, अमित वर्मा, दिनेश चंद्र पांडेय, बची सिंह पुजारी, ललित मोहन जोशी, उमेश चंद्र जोशी, नरेश सिंह, हरिविनोद पंत, गीता बिष्ट, गीता वर्मा, अनीता देवी, रेखा बोहरा, शोभा जोशी, किशोर पंगरिया, खिलानंद जोशी, दिनेश चंद्र, राजेंद्र सिंह बिष्ट, नवीन चंद्र, हरीश चंद्र, कीर्तिबल्लभ, रमेश जोशी आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहीं।
बेड़ीनाग में शिक्षकों ने धरना दिया
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। प्राथमिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने, वेतन विसंगतियों को दूर करने, शिक्षा मित्र, अनुबंधित शिक्षक, शिक्षा सहायक आदि को 31 मार्च 2020 से पूर्व समायोजित कर समान वेतन देने की मांग उठाई। अध्यक्षता पंकज पंत और संचालन ब्लॉक मंत्री हिमांशु उपाध्याय ने किया। इस मौके पर संजीव उप्रेती, दीवान सिंह, भरत मारकूना, हेमा कन्याल, आशा, दिप्ती कार्की, बबीता महरा, विनीता राज योगेश कुमार, जीवन लाल, संजय पंत आदि मौजूद रहे।