तहसील में प्रदर्शन करते पूर्णागिरि विकास संघर्ष समिति कार्यकर्ता।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि विकास संघर्ष समिति और नगर व्यापार मंडल ने नगर पालिका पर बगैर पार्किंग स्थल मुहैया कराए पूर्णागिरि दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क की अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को उन्होंने तहसील में प्रदर्शन कर मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर पार्किंग स्थल मुहैया कराने व वन भूमि पर व्यवसायिक कार्य रोकने की मांग उठाई है।
बृहस्पतिवार को संघर्ष समिति के कार्यकर्ता और व्यापार मंडल पदाधिकारी तहसील कार्यालय पहुंचे और उन्होंने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि नगर पालिका की ओर से पूर्णागिरि दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग की जगह उपलब्ध नहीं कराई गई है। वाहनों से शारदा चुंगी के पार्किंग शुल्क वसूल कर बैराज मार्ग पर छोड़ दिया जा रहा है, जिससे यातायात में अव्यवस्था फैल रही है। यात्री मस्जिद के नीचे अपने वाहन कूड़े के ढेर और वन भूमि में खड़े करने को मजबूर हो रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष शाहिद हुसैन, महासचिव संजय पांडेय, संघर्ष समिति के नरेश सकारी, बची महर, भीम रजवार, कुमुद जोशी, पंकज चौबे, गिरीश शर्मा, कमल कश्यप आदि शामिल थे।
अवैध पार्किंग शुल्क वसूली का आरोप गलत
टनकपुर (चंपावत)। नगर पालिका के अधिकृत प्रवक्ता वरिष्ठ लिपिक बसंतराज चंद का कहना है कि नगर पालिका पर अवैध पार्किंग शुल्क की वसूली का आरोप गलत है। पालिका ने टैक्सी स्टैंड और गांधी मैदान को पार्किंग स्थल बनाया है, लेकिन यात्री अपने वाहन सीधे बैराज मार्ग पर खड़े कर रहे हैं। अभी मेले का शुरूआती समय है। धीरे-धीरे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। (संवाद)