यहां पंजाब एंड सिंध बैंक प्रबंधन के खिलाफ सोमवार को व्यापारी और ग्रामीण सड़कों में उतर आए। उन्होंने रीठासाहिब बाजार बंद करते हुए बैंक शाखा प्रबंधक का पुतला फूंका। व्यापारियों और ग्रामीणों ने बैंक शाखा के सभी कर्मचारियों के स्थानांतरण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बैंक के पूरे स्टाफ को बदलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। बैंक के जोनल मैनेजर लक्ष्मण सिंह भंडारी ने फोन पर शाखा प्रबंधक को पांच अप्रैल तक अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद ग्रामीणों और व्यापारियों ने आंदोलन वापस लिया। बता दें कि सोमवार को ही बैंक के नए अधिकारी भूपेश कुमार उपाध्याय ने कार्यभार ग्रहण किया है। वहां पर बीडीसी सदस्य नवीन चंद्र शर्मा, अनिल वर्मा, प्रकाश सिंह बोहरा, घनश्याम बिनवाल, ललित जोशी, शिवदत्त भट्ट, मनोज लोहनी, पनी राम आदि थे। व्यापारियों की हड़ताल के कारण सोमवार को बैंक में कोई कामकाज नहीं हो पाया। इध्ार, जिला लीड बैंक अधिकारी आनंद सिंह रावत का कहना है रीठासाहिब में बैंक और ग्रामीणों के बीच विवाद ठीक नहीं है। विवाद सुलझाने के लिए बैंक प्रबंधन तथा व्यापारियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता कराई जाएगी और जरूरी कदम उठाए जाएंगे।