चंपावत कलक्ट्रेट में निर्वाचन पुनरीक्षण से संबंधित बैठक लेते डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 16 नवंबर से शुरू होगा। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसके तहत मतदाता सूची में नाम हटाने, जोड़ने या अन्य तरह का बदलाव किया जाएगा। 15 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां पेश की जा सकेंगी।
वहीं दो विधानसभा सीट वाले चंपावत जिले के नौ मतदेय स्थलों में बदलाव पर भी चर्चा हुई। कहा गया कि मतदेय स्थल से दूरी कम करने और मतदाताओं को असुविधा से बचाने के लिए बदलाव का प्रस्ताव तैयार कर राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। चंपावत विधानसभा सीट में 143 और लोहाघाट सीट में 178 मतदेय स्थल हैं। बदलाव वाले मतदेय स्थल खायकोट, करौली, परेवा, स्वांला, चौड़ाडुमखरी, तलियाबांज, आमबाग, गैडाख्याली और नायकगोठ क्षेत्र से संबंधित हैं।
बैठक में एडीएम टीएस मर्तोलिया, पीडी हेमंती गुंज्याल, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, लोहाघाट के आरसी गौतम, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश अधिकारी, कांग्रेस नेता हरीश चौधरी, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एलएम भट्ट आदि मौजूद थे।