ऋषि रंजन आर्या, महाप्रबंधक एनएचपीसी
बनबसा (चंपावत)। इस वित्त वर्ष के दो माह में एनएचपीसी के बनबसा स्थित टनकपुर पावर स्टेशन ने 52 मिलियन यूनिट से अधिक बिजली तैयार कर ली है। धीरे-धीरे नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने से बिजली उत्पादन बढ़ने के आसार हैं।
इन दिनों नदी में कम पानी होने के कारण दो टरबाइन चलाकर करीब 50 मेगावाट बिजली तैयार की जा रही है। पावर स्टेशन के मुखिया महाप्रबंधक ऋषि रंजन आर्य ने बताया कि टनकपुर पावर स्टेशन का इस वर्ष के लिए उत्पादन लक्ष्य 452.19 मिलियन यूनिट तय है। इसके सापेक्ष पहली अप्रैल से पहली जून तक टनकपुर पावर स्टेशन ने 52.368 मिलियन यूनिट बिजली तैयार कर ली है।
उन्होंने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने से जून के बाद तीनों टरबाइन चलाकर प्रतिदिन 90 से 99 मेगावाट बिजली का प्रतिदिन उत्पादन किया जा सकेगा। इन दिनों नदी में करीब 11 हजार क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। इस पावर स्टेशन से कुल उत्पादित बिजली का 12 प्रतिशत उत्तराखंड राज्य को निशुल्क दिया जाता है।