बनबसा (चंपावत)। शारदा का जलस्तर बढ़ने और नदी में अत्यधिक गाद (मलबा) आने से शनिवार दोपहर बाद एनएचपीसी प्रशासन ने पावर चैनल में जलापूर्ति रोक दी। इससे टनकपुर पावर स्टेशन में बिजली बननी बंद हो गई है।
नदी में साफ पानी प्रवाहित होने के बाद ही दोबारा पावर चैनल में पानी छोड़ा जाएगा। इसमें कुछ घंटों का समय लग सकता है। बनबसा में शारदा नहर में सुरक्षा के तहत पानी सप्लाई बंद की गई है। इससे खटीमा स्थित लोहियाहेड पावर हाउस में भी जनरेशन ठप हो गया है।
बनबसा शारदा हेडवर्क्स प्रशासन के एसडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पहाड़ों पर हुई वर्षा से नदी का जलस्तर बढ़ा है। नदी में अधिक गाद आने से सुरक्षा के तहत एनएचपीसी ने अपनी पावर चैनल और शारदा बैराज से नहर में पानी छोड़ना बंद कर दिया है।
उन्होंने बताया कि नदी के पानी का पीपीएम (पार्ट पर मिनट) 11 से अधिक हो गया है। गंदे पानी के कारण पावर हाउस की टरबाइन के ब्लेड को घिसाव से बचाने के लिए पावर चैनल और नहर की जलापूर्ति बंद की जाती है। अधिक पीपीएम वाले पानी को छोड़ने से पावर चैनल और नहर में सिल्ट जमा होने का भी खतरा रहता है। संवाद