काली नदी में राष्ट्रीय खेलों में राफ्टिंग डेमो खेल के आयोजन को लेकर तैयारियों का जायजा लेती आयोजन की टेक्निकल टीम और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
38वें राष्ट्रीय खेलों में चंपावत जिले की टनकपुर तहसील के पूर्णागिरि क्षेत्र में काली नदी पर राफ्टिंग डेमो खेल की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमेटी चेयरमैन डॉ. सुनैना कुमारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल चरण मंदिर से बूम घाट तक निरीक्षण किया। टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ टीआरसी में चर्चा भी की। एसडीएम ने सड़क मरम्मत, सफाई, पेंटिंग आदि करा रहे विभागों को यथाशीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बता दें कि पहली बार काली नदी में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर 27 जनवरी से हो रहे राफ्टिंग डेमो खेल से क्षेत्र में उत्साह है। शुक्रवार को जीटीसीसी टीम ने एसडीएम आकाश जोशी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का जायजा लिया। एसडीएम जोशी ने मार्ग की सफाई, पेंटिंग और मार्ग सुधारीकरण, पार्किंग का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने काली नदी राफ्टिंग प्रस्थान स्थल तक पैदल मार्ग बनाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान 38 वें राष्ट्रीय खेल के आयोजन सचिव डाॅ. डीके सिंह, खेल टेक्निकल कंडक्ट कमेटी सदस्य मनिंदर पाल सिंह, डॉयरेक्टर आफ प्रतियोगिता डीओसी मुकेश शर्मा और संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह राणा, स्टेडियम प्रभारी मुकेश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
29 जनवरी से 31 जनवरी तक राफ्टिंग डेमो खेल होगा
खेल विभाग की ओर से चंपावत जिले में होने वाले राफ्टिंग डेमो खेल के रोस्टर के अनुसार राफ्टिंग के प्रतियोगिता स्थल टनकपुर में खिलाड़ियों और निर्णायकों का आगमन 27, 28 जनवरी को होगा। आयोजन की तिथि 29 से 31 जनवरी और प्रतियोगिता की अवधि कुल तीन दिन होगी। खिलाड़ियों, निर्णायक के प्रस्थान की तिथि एक फरवरी, कुल खिलाड़ियों की संख्या पुरुष 60, महिला 76 कुल 136 होगी। डीसीओ एक,तकनीकी स्टाफ 45, वीएसवी 30, सपोर्ट स्टाफ 34, कुल संख्या 248 रहेगी। उक्त जानकारी स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रभारी मुकेश शर्मा ने दी है।