खेतीखान के पास आपात सेवा 108 एंबुलेंस में जन्मा सोनू बोहरा का नवजात।
- फोटो : CHAMPAWAT
पाटी (चंपावत)। पहाड़ पर कभी सड़क सुविधा न होने के चलते तो कभी डॉक्टरों के अभाव में गर्भवतियों को उच्च सेंटर रेफर किया जाता रहा है लेकिन मंगलवार की शाम पाटी अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल में पानी की किल्लत का हवाला देते हुए दर्द से क राहती गर्भवती को लोहाघाट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन महिला को लोहाघाट ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई और 108 कर्मियों ने खेतीखान के पास रास्ते में एंबुलेंस में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
108 सेवा के जिला प्रबंधक भास्कर शर्मा ने बताया कि मंगलवार को रीठासाहिब के साल गांव से गर्भवती महिला सोनू बोहरा को प्रसव पीड़ा होने की सूचना मिली। रीठा साहिब एंबुलेंस से महिला को पाटी अस्पताल लाया गया लेकिन अस्पताल में पानी की किल्लत को देखते हुए पाटी अस्पताल ने हाथ खड़े कर दिए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आभाष सिंह ने बताया कि पानी की कमी की वजह से प्रसव नहीं होने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके चलते महिला को 27 किमी दूर लोहाघाट उप जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस बीच 108 सेवा से लोहाघाट ले जाई जा रही गर्भवती की रास्ते में तबीयत बिगड़ने लगी तो एंबुलेंस के ईएमटी योगश पंत और चालक पंकज गहतोड़ी ने एंबुलेंस को खेतीखान के पास रोका और महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। परिजनों ने इसके लिए 108 एंबुलेंस सेवा का आभार जताया है। बता दें कि इस साल अब तक 108 एंबुलेंस में पांच प्रसव कराए जा चुके हैं।