सैनिक छावनी की सीएसडी कैंटीन प्रबंधन के खिलाफ सोमवार को पूर्व सैनिकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कैंटीन प्रबंधन पर मनमानी कर शराब का कोटा और घरेलू उपयोग के सामान में कटौती कर परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले तीन माह से उनकी कैंटीन सुविधा में कटौती कर परेशान किया जा रहा है।
सोमवार को कैंटीन से शराब का कोटा और घरेलू उपयोग का सामान लेने पहुंचे पूर्व सैनिक कैंटीन प्रबंधन के खिलाफ भड़क गए। उन्होंने कैंटीन सुविधा के कोटे में कटौती कर परेशान करने का आरोप लगाते हुए कैंटीन गेट पर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। वहां मौजूद सेना के जवानों ने पूर्व सैनिकों को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने।
उनका कहना था कि कैंटीन प्रबंधन द्वारा तीन माह से शराब एवं घरेलू सामान के कोटे में कटौती की जा रही है, इस कारण टनकपुर-बनबसा के अलावा खटीमा, सितारगंज, नानकमत्ता, शक्तिफार्म, चंपावत, लोहाघाट आदि क्षेत्रों से आने वाले पूर्व सैनिकों को खासी परेशानी होती है। वहीं, छावनी के सैन्य अधिकारियों को पूर्व सैनिक के प्रदर्शन का पता चलते ही उन्होंने पूर्व सैनिकों को वार्ता के लिए बुलाया।
कैंटीन परिसर के अंदर बंद कमरे में चली वार्ता में मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर प्रतिबंध से वार्ता के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। प्रदर्शन करने वालों में खीमानंद पांडेय, दिवान सिंह लुंठी, पूरन सिंह, कल्याण सिंह, राम सिंह, भवान सिंह, दयाकिशन भट्ट, कृष्णानंद भट्ट आदि पूर्व सैनिक शामिल थे। इस बाबत कैंटीन प्रबंधन से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।