बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन में इस वर्ष रिकॉर्ड विद्युत उत्पादन की उम्मीद है। नदी में पर्याप्त पानी मिलता रहा तो इस माह के अंत तक करीब 555 मिलियन यूनिट बिजली मिल सकती है। इससे पूर्व वर्ष 2003-04 में सर्वाधिक 511 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया था। पावर स्टेशन ने इस वर्ष का देय विद्युत उत्पादन लक्ष्य (टारगेट) पांच सौ मिलियन यूनिट 28 जनवरी को ही पूरा कर लिया था।
टनकपुर पावर स्टेशन ने मंगलवार तक 530 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया। पावर स्टेशन के जीएम पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि नदी में पर्याप्त पानी मिला तो 31 मार्च तक 555 मिलियन यूनिट तक उत्पादन होने की उम्मीद है, जो नया रिकॉर्ड होगा। बताया कि पावर स्टेशन का बढ़ता उत्पादन राष्ट्र के साथ ही राज्य के लिए भी लाभदायक होगा क्योंकि इस पावर स्टेशन से उत्तराखंड को उत्पादन का 12 प्रतिशत अंश निशुल्क दिया जाता है।