संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। जिला मुख्यालय में दूसरे चरण के लॉकडाउन में 20 अप्रैल से छूट मिलने की आस को लेकर सोमवार को बाजार में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार में उमड़ पड़े। इस दौरान लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं किया। जिस कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस की ओर से ध्वनिविस्तारक यंत्र के माध्यम से लोगों को हिदायतें जारी की गईं। अलबत्ता बाजार में केवल जरूरी वस्तुओं के साथ सब्जियों की दुकानों और मेडिकल स्टोर ही खुले रहे, जिस कारण अधिकांश लोगों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से ग्रीन जोन घोषित किए गए जिलों में 20 अप्रैल के बाद लॉकडाउन के नियमों में छूट देने का एलान किया गया था। अनुमान लगाया जा रहा था कि इस दौरान आंतरिक मोटर मार्ग पर वाहनों का संचालन किया जा सकता है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि अगले आदेश तक लॉकडाउन के तहत जारी बंदिशें पूर्ववत जारी रहेगी। सतीश जोशी