टनकपुर (चंपावत)। आगामी मां पूर्णागिरि मेले से पहले धाम क्षेत्र में भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक डबल सर्किट बिजली लाइन का निर्माण हो जाएगा। इसके लिए विभाग ने तैयारी शुरु कर दी है। बिजली विभाग के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि सप्ताह भर के अंदर लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो जाएगा। मेले में निर्बाध बिजली मिल सकेगी। पुरानी लाइन के चलते दिक्कत अब मेले में नहीं आएगी।
बता दें कि उत्तर भारत के प्रमुख मां पूर्णागिरि मेले में लाखों श्रद्धालु होली के बाद से मां के दर्शन के लिए उमड़ते हैं। पुरानी बिजली लाइन के चलते बरसात और आंधी में अक्सर लाइन क्षतिग्रस्त होने पर दिक्कत आती है। निर्बाध बिजली को लेकर पूर्व के प्रस्तावों पर अब विभाग सक्रिय है। एसडीओ भट्ट ने बताया कि 11 केवी एलटी डबल सर्किट लाइन होने से एक लाइन खराब होने पर दूसरी लाइन से निर्बाध बिजली से धाम क्षेत्र रोशन रहेगा।
भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक करीब छह किलोमीटर लाइन बिछाने का कार्य सप्ताह भर के अंदर शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए आगामी मेले से पहले का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही मेले में बेहतर बिजली आपूर्ति को लेकर विभाग की ओर से पूरे प्रयास जारी हैं।