चंपावत। जिले के लोहाघाट में कार्यदायी संस्था सीएनडीएस लगभग 4.80 करोड़ की लागत से आधुनिक छात्रावास का निर्माण कर रही है। इसमें डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
डीएम मनीष कुमार ने निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था की ओर से तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित हो। उन्होंने छात्रावास परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और छात्र-छात्राओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
छात्रावास में कुल 52 कमरे होंगे। इनमें से 50 कमरे छात्रों के लिए आरक्षित हैं। प्रत्येक में दो छात्रों के रहने की व्यवस्था होगी। साथ ही एक गेस्ट रूम, एक गार्डन रूम और पौष्टिक और स्वच्छ भोजन की व्यवस्था वाला आधुनिक रसोईघर भी बनाया जा रहा है।
इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल छात्र-छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी बल्कि जिले को एक शैक्षिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी यह मील का पत्थर साबित होगा।