जिलाधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय की पहल पर जिला मुख्यालय चंपावत, बाराकोट, लोहाघाट और पाटी में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। बुधवार को सुबह डीएम ने छतार से ऋषेश्वर मंदिर लोहाघाट तक निकली पद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छतार से लोहाघाट के बीच में सड़क में पड़े पॉलिथीन के कूड़े को एकत्र कर निस्तारित किया। विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, एसएसबी, आईटीबीपी, एनसीसी कैडेटों, छात्र छात्राओं ने सफाई अभियान में बढ़ चढ़ कर भागीदारी की।
बुधवार को डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय के नेतृत्व में ऋषेश्वर मंदिर से सफाई अभियान की शुरूआत की। लोहावती नदी में बने श्मशान घाट में फैली गंदगी, नदी किनारे एकत्र हुए कूड़े को एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया। डीएम ने कहा कि स्वच्छता अभियान सरकारी ही बन के न रह जाय, इसके लिए जिले के सभी लोगों को आगे आकर अपना योगदान देने साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित करना होगा।
डीएम ने अभिभावकों से अपने बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए फास्टफूड से दूर रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूर्ण रूप से बंद करने की बात कही। बाराकोट में तहसीलदार अबरार अहमद के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। वहीं पाटी में एसडीएम शिप्रा जोशी के नेतृत्व में चलाए गए स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों ने भागीदारी की। अभियान में डीएम एसएन पांडेय के अलावा एसपी धीरेंद्र गुंज्याल, एडीएम टीएस मर्तोलिया, आरसी गौतम, अनिल गर्ब्याल, एसएसबी कमांडेंट, एनसीसी प्रभारी हेमंती भट्ट, खादी ग्रामोद्योग के राजीव पाठक, एई एनएच एनसी पांडेय, राजेंद्र भट्ट, गोदावरी, डीईओ बेसिक सत्यनारायण सहित राजेंद्र गड़कोटी, अनिल जोशी आदि अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे।
12 किमी पैदल मार्च कर सफाई की
टनकपुर। टनकपुर में तहसीलदार खुशबू पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने टनकपुर से बनबसा तक 12 किमी. पैदल मार्च कर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे पड़ी गंदगी साफ करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। बनबसा पहुंचकर नगर पंचायत प्रांगण में अभियान का समापन हुआ। इसमें तहसील के अलावा, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर पालिका, वन विभाग, वन निगम, परिवहन, श्रम, आबकारी, शिक्षा, जल संस्थान, आपूर्ति, पशु चिकित्सा, लोनिवि समेत सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। ब्यूरो