पंचायत चुनाव में वोटिंग के बाद शुक्रवार शाम डैंसली गांव में प्रधान-क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी और उनके समर्थक आपस में भिड़ गए। सूचना पर देर रात पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। दोनों पक्षों के लोगों ने रात में ही थाने में तहरीर दी। मामले में किसी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को चुनाव निपटने के बाद रात करीब आठ बजे ग्राम डैंसली के प्रधान प्रत्याशी कृष्ण राम के छोटे भाई लक्ष्मण राम और प्रधान पद के दूसरे प्रत्याशी नीरज देउपा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और नौबत मारपीट की आ गई। सूचना पर थानाध्यक्ष मनीष खत्री मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाबुझाकर शांत कराया।
उधर, दूसरे मामले में डैंसली में ही बीडीसी सदस्य प्रत्याशी रवींद्र बिष्ट और विपक्षी प्रत्याशी के समर्थक दीपक बिष्ट के बीच चुनावी रार को लेकर तकरार हो गई। दोनों के बीच जमकर लात घूंसे चल गए। एसओ खत्री ने बताया कि रवींद्र और दीपक ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देेने, हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
डैंसली के प्रधान प्रत्याशी के भाई लक्ष्मण राम ने दूसरे प्रत्याशी नीरज देउपा पर चुनाव के दौरान गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। एसओ मनीष खत्री ने बताया कि मुकदमा दर्ज नहीं किया है। मामले की जांच की जा रही है।