चंपावत के मुड़ियानी बूथ में पंचायती चुनाव में वोट देने के लिए लाइन में लगी महिलाएं।
- फोटो : CHAMPAWAT
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में पहले चरण में चंपावत ब्लॉक का मतदान संपन्न हुआ। वोटिंग शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रही। मैदान और पहाड़ से मिलकर बने चंपावत ब्लॉक में 67035 वोटरों में से 72.69 प्रतिशत वोट (48727) डाले गए जो पिछले चुनाव से 1.04 प्रतिशत ज्यादा जिला पंचायत की 6, क्षेत्र पंचायत की 35, ग्राम पंचायत सदस्य के 13 और ग्राम प्रधान के 100 पदों के लिए कुल 514 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद हो गया।
चुनाव प्रेक्षक हरीश चंद्र कांडपाल, जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय और एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने मुड़ियानी सहित कई मतदान केंद्रों का मुआयना किया। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों का मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गया है। मतदान अवधि में नेपाल से लगी सीमा सील रही जिसे शाम छह बजे बाद खोल दिया गया।
निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र डुंगरियाल ने बताया कि चंपावत ब्लॉक के 141 बूथों में शांतिपूर्ण वोटिंग हुई। सुबह के पहले दो घंटे मतदान तेजी से हुआ। इस दौरान लंबी कतारें लगी थीं लेकिन बाद में मतदान की रफ्तार में कुछ कमी आई। शाम तीन बजे बाद वोटिंग की गति में फिर से तेजी आई। नौजवान ही नहीं, बुजुर्ग और महिलाओं ने भी जमकर वोट डाले।
35 संवेदनशील पोलिंग बूथों में सुरक्षा के खास प्रबंध किए गए थे। जिला मुख्यालय में कोतवाल सोन सिंह के नेतृत्व में तगड़ी सुरक्षा थी। एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, सीओ ध्यान सिंह, जिला पंचायत के रिटर्निंग अफसर डॉ. एचसी जोशी सहित तमाम अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। कुलेठी और आसपास के कुछ बूथों की मतपेटियां शाम को चंपावत ब्लाक कार्यालय में बने स्ट्रांग रूम में पहुंच गई थी।
चंपावत के मुड़ियानी बूथ में वोट देने के लिए उमड़ी महिलाएं।- फोटो : CHAMPAWAT