क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने चचेरे ससुर की हरकतों से तंग आकर आत्मदाह की धमकी दी है। उसके भाई ने बताया कि पुलिस से कई बार उत्पीड़न की शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को महिला ने कोतवाली पुलिस को पत्र भेजकर खुदकुशी की धमकी दी है।
विवाहिता ने कहा कि उसके पति बाहर नौकरी करते हैं। ससुर की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में उसके अलावा नंद और सास हैं। महिला का कहना है कि उसका चचेरा ससुर उस पर बुरी नजर रखता है। पहले परिवार के लोगों ने आरोपी को समझाया, नहीं मानने पर इस साल 11 जनवरी को कोतवाली में सूचना दी।
पुलिस की फटकार के बाद कुछ वक्त तक उसने गलत हरकतें बंद कर दीं, मगर कुछ ही दिनों बाद वह फिर से तंग कर रहा है। विवाहिता के भाई का कहना है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे उसकी हिम्मत बढ़ रही है। अब महिला ने खुदकुशी की धमकी दी है। उधर कोतवाल सोनू सिंह का कहना है कि पत्र आने का मामला जानकारी में है। इस मामले की तफ्तीश कर कार्रवाई की जाएगी।