पुलिस ने पकड़ा डेढ़ लाख का विदेशी कास्मेटिक
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने एक युवक को करीब डेढ़ लाख रुपए के विदेशी कास्मेटिक के साथ पकड़ा है। कास्मेटिक सामान नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा था। तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने सामान को मय तस्कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया।
मंगलवार सुबह प्रभारी थानाध्यक्ष बीएस सम्मल के नेतृत्व में एसआई सुरेंद्र सिंह, एचसी ईश्वरी दत्त शर्मा, चीता मोबाइल के कांस्टेबल उमेश जोशी, विनोद कुमार जगबूड़ा पुल के पास चेकिंग पर थे। इसी बीच बनबसा से खटीमा की ओर जा रही एक आल्टो कार (यूके 03ए-7086) को रोक कर तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी कास्मेटिक सामान बरामद हुआ।
प्रभारी थानाध्यक्ष सम्मल ने बताया कि कार में पकड़े गए सामान में फ्रांस निर्मित 390 नग जानसन बॉडी केयर, यूएई निर्मित 744 नग बाडी स्प्रे के हैं। इनकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि उक्त सामान नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा था। तस्कर बनबसा शारदा हेडवर्क्स कालोनी निवासी नसीम के पास उक्त सामान खरीद के बिल और कस्टम क्लीयरेंस पेपर आदि नहीं थे। पकड़ा गया सामान और तस्करी में प्रयुक्त कार को मय तस्कर कस्टम के सुपुर्द किया गया है।