रविवार रात थाने के गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो पशु तस्करों ने पुलिस बैरियर को उड़ा दिया। इसमें पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने चकरपुर पुलिस को तत्काल फोन किया और वाहनों का पीछा किया। एक वाहन चकरपुर पुलिस ने पकड़ लिया जबकि दूसरा वाहन शिव मंदिर के पास मार्ग पर ही पलट गया। मौके से पशु तस्कर से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन और 8 पशु बरामद किए। पुलिस कर्मी सतर्क नहीं होते तो गदरपुर जैसी वारदात हो सकती थी जिसमें पशुतस्करों ने दो पुलिस वालों को कुचल दिया था जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
रविवार रात पौने ग्यारह बजे प्रभारी थानाध्यक्ष डीएस जलाल, एसआई बीएस सम्मल, एचसीपी संतोष कुमार, कांस्टेबल संजय कुमार, उमेश जोशी, शंकर सिंह, भगवान सिंह, तारा सिंह के साथ थाने के गेट पर वाहन चेकिंग अभियान पर थे। इसी बीच टनकपुर की ओर से तीव्रगति से आने वाले वाहन को रोकने का प्रयास किया गया पुलिस को देख वाहन चालक (यूके 06/7513) ने गति बढ़ा दी और मोबाइल बैरियर को उड़ा दिया। बैरियर पर वाहन की टक्कर इतनी तेल थी कि चिनगारियां उठ गईं। प्रभारी थानाध्यक्ष और दो जवान बाल बाल बचे। अभी पुलिस संभल भी नहीं पाई थी कि पीछे से दूसरा वाहन (यूपी 25 टीसी 0287) ने दूसरे बैरियर को उड़ा खटीमा की ओर निकल गया। पुलिस ने चकरपुर पुलिस को सूचित कर वाहनों का पीछा किया। एक वाहन चकरपुर पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि दूसरा वाहन शिवमंदिर के निकट मार्ग पर ही पलट गया। उसमें आठ जानवर बंधे थे, जिन्हें पुलिस ने रस्सी काटकर बाहर निकाला। चकरपुर चौकी प्रभारी एसआई केसी जोशी ने बताया कि वाहन संख्या संख्या (यूके 06/7513) में 4 गाय और 2 बैल बरामद हुए, मुकदमा दर्ज किया गया है। तस्कर फरार हो गए थे, जबकि दूसरा वाहन पलटी अवस्था में मिला, जिसे लावारिस में दाखिल किया गया है।