रेलवे स्टेशन गेट पर रेलवे पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते ई-रिक्शा चालक। साथ में हैं नगर पालिका अध्?
- फोटो : TANAKPUR
रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में ई-रिक्शा खड़े करने पर रेलवे पुलिस ने पांच ई-रिक्शा चालकों को गिरफ्तार कर उनके रिक्शे सीज किए हैं। रिक्शा चालकों को कार्रवाई के लिए पीलीभीत ले जाया गया है। इधर रेलवे पुलिस की कार्रवाई से भड़के ई-रिक्शा चालकों ने स्टेशन गेट पर प्रदर्शन किया।
रिक्शा चालकों का कहना था कि पकड़े गए रिक्शा चालकों ने बकायदा रेलवे का वाहन पार्किंग शुल्क भी अदा किया है। नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार और विधायक प्रतिनिधि हरीश भट्ट ने भी वार्ता की लेकिन रेलवे पुलिस नहीं मानी।
रविवार को रेलवे पुलिस ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच ई-रिक्शों को जब्त कर उनके चालकों को गिरफ्तार कर लिया। रेलवे पुलिस की कार्रवाई का पता चलते ही ई-रिक्शा यूनियन अध्यक्ष मनोज गड़कोटी के नेतृत्व में अन्य ई-रिक्शा चालक रेलवे स्टेशन पर एकत्र हो गए और रेलवे पुलिस पर बेवजह उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि जब्त किए गए ई-रिक्शा चालकों ने रेलवे का वाहन पार्किंग शुल्क भी अदा किया था लेकिन फिर सर्कुलेटिंग एरिया के नाम पर निर्दोष रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की गई है।
सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार और विधायक प्रतिनिधि हरीश भट्ट ने रेलवे स्टेशन पर पहुंच रेलवे पुलिस के इंचार्ज एसके मिश्रा से वार्ता की लेकिन उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़ा करना अवैधानिक बताते हुए हिरासत में लिए गए रिक्शा चालकों को छोड़ने से इनकार कर दिया। पांचों रिक्शा चालकों को कार्रवाई के लिए पीलीभीत ले जाया गया है।
सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़े करना प्रतिबंधित है
रेलवे बोर्ड ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं जिसके तहत ही कार्रवाई की गई है। सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़े करना पूर्णरूप से प्रतिबंधित है। रेलवे का वाहन पार्किंग स्थल सर्कुलेटिंग एरिया से बाहर है लेकिन पकड़े गए रिक्शे सर्कुलेटिंग एरिया में खड़े किए गए थे। एसके मिश्रा, रेलवे पुलिस इंचार्ज, टनकपुर रेलवे स्टेशन।