गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव में अब व्यापारिक गतिविधियों की धूम जारी है। शाम के समय खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इससे गोरलचौड़ को जाने वाली सड़क में शाम के वक्त अक्सर जाम की नौबत आ रही है।
मेले में चंपावत के साथ ही लोहाघाट और अन्य क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी करने आ रहे हैं। हथकरघा प्रदर्शनी की धूम मची है। कारोबारी इसशर हुसैन ने बताया कि काशीपुर सहित अलग-अलग जगहों से आई दो दर्जन दुकानों में हाथ से बनाई दरी, आसन, शाल, पंखी, सोफा कवर, कुशन कवर, बनारसी साड़ियां, चादर आदि को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। ये उत्पाद हथकरघा बुनकरों और शिल्पियों ने बनाए हैं। वहीं मनोरंजन के साधन भी लोगों को भा रहे हैं। मौत का कुंआ, झूले, चरखे और ट्रेन समेत तमाम मनोरंजन के साधन बच्चों को आकर्षित कर रहे हैं।
सरकारी स्टाल से लोगों को विभागीय जानकारी दी जा रही हैं। जिला विधिक साक्षरता सेवा प्राधिकरण स्टाल के जरिए निशुल्क कानूनी ज्ञानमालाएं बांट रहा है। बाहर से आए दुकानदार, लियाकत अली, शाकिर, मनोज, अजय आदि दुकानदार खुश हैं। उनका कहना है कि आगे भी वो मेले में शिरकत करते रहेंगे। हथकरघा प्रदर्शनी से भी लोग जमकर खरीददारी कर रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने बताया कि गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव के तहत हथकरघा प्रदर्शनी और व्यापारिक गतिविधियां 20 मई तक चलेंगी।
फोटो 15 सीपीटी 01पी व 03पी