टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में वॉलीबाल मैच का शुभारंभ करते अतिथि। स्रोत : कोच
टनकपुर (चंपावत)। खेल निदेशालय की ओर से जिला स्तरीय बालक वर्ग की अंडर 17 और अंडर 21 आयु वर्ग की दो दिनी वॉलीबाल प्रतियोगिता स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हो गई है। अंडर 17 वर्ग के उद्घाटन मैच में केवी एक और अंडर 21 वर्ग में एथलेटिक वॉरियर ने मुकाबला जीता।
बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिपं उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा व भाजपा जिला महामंत्री पूरन महरा ने किया। वॉलीबाल प्रशिक्षक आशा पांडे ने बताया कि अंडर 17 आयु वर्ग का पहला मैच केवी एक और सैलानीगोठ के बीच खेला गया। इसमें केवी एक विजयी रहा। दूसरे मैच में भजनपुर ने बस्टिया को हराया। तीसरे मैच में चंदनी ने स्टेडियम बी को हराया। चौथे में स्टेडियम ए ने सेंट फ्रांसिस को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
इसी तरह अंडर 21 आयु वर्ग में पहले मैच में एथलेटिक वॉरियर ने सैलानीगोठ को हराया। दूसरे मैच में एथलेटिक वॉरियर ने चंपावत को हराया। फाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले जाएंगे। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, स्टेडियम प्रभारी मुकेश शर्मा, फुटबाल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, प्रशिक्षक पवनेश पाटनी, सूरज पांडे, हीरा, दीपक, राकेश आदि थे।