उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में अंडर-16 आयु वर्ग की राज्य क्रिकेट टीम के गठन को खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी के तहत रविवार को यहां जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने खिलाड़ियों का ट्रायल लेना शुरू कर दिया है।
स्टेडियम मैदान में एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत की देखरेख में हुए ट्रायल्स में टनकपुर, बनबसा के अलावा लोहाघाट, चंपावत और जिले के अन्य स्थानों से आए दो दर्जन से ज्यादा खिलाड़ियों ने चयन टीम के समक्ष अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एसोसिएशन अध्यक्ष रावत ने बताया कि सोमवार को भी खिलाड़ियों का ट्रायल्स जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जिले की चयनित टीम जनवरी में देहरादून में होने वाले राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का राज्य की टीम में चयन होगा। इस मौके पर एसोसिएशन के सचिव हरि सिंह महर, अनिल जोशी, संजय सिंह चौहान, दीपक सेठी, सतीश जोशी आदि मौजूद थे।