पहाड़ों पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया होना बड़ी चुनौती बना हुआ है। खासकर पानी के लिए पहाड़ के लोग सालभर (गर्मी, सर्दी और बरसात) में परेशान रहते हैं। हर मौसम में लोगों के सामने पानी जुटाने की समस्या रहती है। लोगों का काफी समय पानी का इंतजाम करने में ही गुजर जाता है। कई इलाकों में पुरानी योजनाएं जवाब देने लगी है। इधर अभी हाल में सरकार ने घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए हर घर नल, हर घर जल योजना शुरू की है। इसके तहत चंपावत और पिथौरागढ़ में भी कनेक्शन देकर पानी पहुंचाने का दावा किया जा रहा है लेकिन हकीकत में लोग आज भी कई इलाकों में प्यासे हैं और पानी का इंतजाम करने के लिए पहले की तरह ही भटक रहे हैं...।
लोहाघाट (चंपावत)। सुंई लिफ्ट योजना से कुछ दिनों से लगातार दूषित और लाल रंग का पानी आने पर लोगों ने गहरी नाराजगी जताते हुए बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान न होने पर जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी।
सुंई गांव के मुख्य पेयजल टैंक के पास मयंक ओली के नेतृत्व में ग्राम सभा पऊ और चनकांडे तोक के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि हर घर नल हर घर जल पेयजल योजना के तहत दो माह से पानी की आपूर्ति होने के बाद लोगों के घरों में अब कुछ दिनों से गंदा लाल पानी आ रहा है जो बिल्कुल भी पीने योग्य नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि साफ पानी के लिए उन्हें कई किलोमीटर दूर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई बार जल संस्थान के अभियंता से गंदा लाल पानी आने की शिकायत की गई है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
इधर जल संस्थान के अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि फिलहाल पेयजल योजना ट्रायल पर चल रही है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में योगेश ओली, सतीश चनकन्याल, विनोद पांडेय, महेश पांडेय, मंटू ओली, गोविंद चतुर्वेदी, जगदीश चंद्र, सुमित चनकन्याल, मोहन सक्टा, दिनेश ओली, बल्लभ ओली, हिमांशु आदि शामिल रहे।
गागर के ग्रामीणों ने हर घर नल योजना का किया विरोध
चंपावत/पाटी। जिले के पाटी विकासखंड के गागर में चल रहे हर घर नल योजना का ग्रामीणों ने विरोध किया है। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से डीएम को ज्ञापन भेजा गया है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों की ओर से इसका विरोध करते हुए कहा गया कि हर घर योजना के तहत चल रहे कार्य में मनमानी की जा रही है। इससे गांव के लोगों की पेयजल की समस्या का समाधान नहीं हो पाएगा। ग्रामीण हरीश चंद्र, कमलापति, प्रेम बल्लभ, महेश जोशी, गिरीश जोशी आदि ग्रामीणों को कहना है कि गागर ग्राम पंचायत में योजना के क्रियान्वयन में मनमानी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोई कार्यवाही नहीं की जाती है तो ग्रामीण इसका विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। संवाद
टकाना क्षेत्र में पानी नहीं आने से परेशान रहे लोग
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर के टकाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पानी की आपूर्ति नहीं हुई। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने जल संस्थान से जलापूर्ति नियमित करने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता जुगल किशोर पांडेय ने बताया कि टकाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह पानी नहीं आया। पानी नहीं आने के कारण भवन स्वामियों के साथ ही किरायेदार भी परेशान रहे। ठंड के मौसम में पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को हैंडपंप या अन्य स्रोतों से पानी जुटाना पड़ा। उन्होंने जल संस्थान से नियमित आपूर्ति करने की मांग की है।
इधर जल संस्थान के ईई सुरेश जोशी ने बताया कि ठूलीगाड़ पंपिंग योजना के फिल्टरेशन प्लांट की सफाई के चलते आपूर्ति में बाधा आई है। लोगों के घरों तक साफ पानी की आपूर्ति हो इसको देखते हुए रात के समय फिल्टरेशन की अवधि कम की गई है। सभी क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। संवाद