लोहाघाट नगर में रसोई गैस की होम डिलीवरी को लेकर चर्चा करते गैस एजेंसी प्रबंधक व चेयरमेन।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर क्षेत्र में रसोई गैस की होम डिलीवरी को लेकर नगर पंचायत और गैस एजेंसी प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान गैस की होम डिलीवरी के लिए स्थानों का चयन किया।
शुक्रवार को चेयरमैन गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रसोई गैस की होम डिलीवरी को लेकर चर्चा की गई। चेयरमैन का कहना था कि रसोई गैस की होम डिलीवरी न होने की नगर के लोगों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर में रोस्टर के हिसाब से हर वार्ड में रसोई गैस का वितरण होना चाहिए। गैस एजेंसी प्रबंधक कीर्ति मुरारी ने कहा कि एक दो दिन में रोस्टर तैयार कर होम डिलीवरी शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि चिह्नित स्थानों में गैस का वाहन रोककर गैस सिलिंडर वितरित किए जाएंगे। बैठक में होम डिलीवरी के लिए गैस वाहन के पहुंचने का स्थान निर्धारित किया गया। इसके तहत सार्की टोला वार्ड में होली ग्राउंड, आदर्श कालोनी, युवा भवन के पास, बजरंगबली वार्ड में रायचक्की के पास, बाड़ीगाड़ पुल, डिग्री कॉलेज तिराहा, बारात घर, लोहावती वार्ड में कोलीपुल के पास, पुराने एसबीआई, विक्की ओली की दुकान के पास, मीनाबाजार वार्ड में मीनाबाजार चौराहा, हथरंगिया चौराहा, ठाड़ाढुंगा वार्ड में एलिक की दुकान के पास, ओपीएस तिराहा, एसडीएम कोर्ट चौराहे, कचहरी वार्ड में लोनिवि कालोनी, राय नौले के पास, पीएस मेहता के आवास के पास, एसडीएम कोर्ट गेट के पास गैस की होम डिलीवरी की जाएगी। प्रबंधक मुरारी ने कहा कि जल्द ही रोस्टर के हिसाब से गैस का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।