टनकपुर में भालू के हमले में धायल वन निगम कर्मी वीरेंद्र चंद। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। उत्तराखंड वन निगम के डिपो संख्या तीन में रात्रि गश्त के दौरान भालू ने एक कर्मी पर हमला कर घायल कर दिया। कर्मचारी ने साहस का परिचय देकर डंडे से भालू पर वार और शोर मचाकर खुद को और साथी को बचाया। घायल का उप जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज किया गया।
मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे भालू के हमले में घायल आमबाग निवासी वीरेंद्र चंद (45) पुत्र स्वर्गीय नैन चंद को उप जिला अस्पताल लाया गया। घायल वीरेंद्र ने बताया कि वह वर्ष 2023 से वन निगम डिपो तीन में आउटसोर्स कर्मी के रूप में तैनात है। वह सोमवार की रात को अपने साथी कमल जोशी के साथ डिपो में रात्रि गश्त कर रहा था। इस बीच देर रात करीब दो बजे गश्त करते समय अचानक एक भालू ने उस पर हमला कर दिया।
वीरेंद्र ने साहस का परिचय देते हुए डंडे से भालू पर वार शुरू कर दिए। वह तब तक भालू पर डंडे बरसाता रहा जब तक वह भागा नहीं। साथ ही दोनों कर्मियों ने शोर मचाया। इस पर भालू भाग गया। हमले में वीरेंद्र के शरीर पर भालू ने कई जगह पंजे मार दिए थे। शोर सुनकर अन्य वन कर्मी भी मौके पर पहुंचे। सुबह के समय उसको अधिक दर्द महसूस होने पर साथी कर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डाॅ. मोहम्मद उमर ने उसका प्राथमिक इलाज किया।