लोहाघाट सीएचसी में विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम और सीएमओ के आश्वासन के बावजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 15 सितंबर तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती नहीं होने पर लोगों में आक्रोश है। शुक्रवार को लोगों ने प्रदर्शन कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग की। कहा कि यदि 30 सितंबर तक डॉक्टरों की तैनाती नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम आरसी गौतम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भी भेजा।
शुक्रवार को प्रदर्शन से पहले एनेक्सी भवन में सामाजिक कार्यकर्ता विपिन गोरखा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोगों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने पर आक्रोश जताया। लोगों ने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के लिए अगस्त में नौ दिन तक धरना और प्रदर्शन किया गया।
इसके बाद डीएम और सीएमओ ने 15 सितंबर तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक एक भी डॉक्टर की तैनाती नहीं की गई। लोगों ने 30 सितंबर तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने पर क्रमिक अनशन और भूख हड़ताल, तालाबंदी और चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। बैठक के बाद लोगों ने प्रदर्शन किया गया।
इस मौके पर अमित कुमार, रमेश राम, मनीष थापा, बजीर राम, गणेश राम, बजीर राम, रोबिन गोरखा, गोपाल कन्नौजिया, सौरभ थापा, अर्जुन गोरखा, शांति राम, बद्री राम, गोफल राम, नवीन कुमार आदि मौजूद थे। इधर, सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी का कहना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों के लिए निदेशालय से आग्रह किया गया है।