सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते चंपावत जिले में सुयालखर्क की दुग्ध समिति में दूध बेंचने आए ग्रामी?
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत/लोहाघाट/टनकपुर। कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन को चंपावत जिले में अब लोग हाथों हाथ ले रहे हैं। शनिवार को सुबह सात से दोपहर एक बजे तक जरूरी सेवा वाली दुकानें खुले रहने से भीड़भाड़ काफी कम रही। चौपहिया वाहन नदारद रहे। लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया। रसोई गैस सिलिंडर लेने गए लोगों से लेकर समितियों में दूध बेंचने वाले ग्रामीणों ने तक सोशल डिस्टेंसिंग को माना।
डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय व एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि चंपावत जिले में सब्जियों की अधिकांश दुकानों में मूल्य सूची चस्पा होने से लोगों को वाजिब दामों पर सब्जियां मिल रही हैं। प्रशासन ने मजदूरों को खाद्य सामग्री वितरित कराई। लोहाघाट में एसडीएम आरसी गौतम ने कहा कि बाजार में सब्जी, खाद्य पदार्थों सहित सभी जरूरी वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में हैं। टनकपुर में भी शनिवार को सुबह सात से दोपहर एक बजे तक लॉकडाउन में छूट रही। बाजार में जरूरी सामान खरीदने के लिए अब लोगों में भीड़ नजर नहीं आ रही है। लोग एक मीटर की दूरी बनाए रखकर खरीददारी करने लगे हैं।
लोहाघाट में झुंड बना निकल रहे मजदूर
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट में सुबह के समय निकल रहे मजदूर व नेपाली लोग सोशल डिस्टेंडिंग का ठीक से पालन नहीं कर रहे हैं। वह झुंड बनाकर एक स्थान में एकत्र हो रहे हैं। व्यापारियों ने ऐसे लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग की जानकारी देने के साथ उन्हें बिना कारण बाजार न आने देने की मांग की है। संवाद
जरूरतमंदों को दो साल का वेतन देंगे विधायक फर्त्याल
लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना वायरस के बचाव के लिए जारी लॉकडाउन होने वाले नुकसान से लोगों को राहत देने के लिए लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दो साल का वेतन देने का एलान किया है। कहा कि दो साल के वेतन के रूप में मिलने वाले करीब 10 लाख रुपये की रकम से लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को राशन किट दिए जाएंगे। संवाद
मथुरा में फंसी हैं दवा लेने गईं मल्ली मादली निवासी हेमा
चंपावत। कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर जारी लॉकडाउन में मल्ली मादली निवासी हेमा पाठक वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मथुरा में फंसी हुई हैं। महिला अपने पैर के टखने के आपरेशन के बाद दवाएं लेने के लिए 19 मार्च को मथुरा गईं थी। लेकिन उसके लौटने से पहले ही लॉकडाउन होने के कारण महिला वहीं फंसी रह गईं। हेमा पाठक पत्नी अजय पाठक वर्तमान में गोपश्वर वृंदावन बर्फ फैक्ट्री सुदामा कुटी मथुरा में फंसी है। जहां उनका कोई परिचित और रिश्तेदार नहीं है। उसके दो छोटे बच्चे और अपंग पति चंपावत में उसका इंतजार कर रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि दीपक मुरारी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर विधायक कैलाश गहतोड़ी ने हेमा को सकुशल वापस लाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। संवाद