चंपावत। जिला मुख्यालय में एसएसजे परिसर का कायाकल्प होने जा रहा है। परिसर में छात्रावास और आईटी लैब के बाद अब 1000 की क्षमता का मिनी स्टेडियम बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके अलावा 600 छात्रों की कैपेसिटी की वाई-फाई सुविधा के साथ केंद्रीय पुस्तकालय, 600 क्षमता का मल्टी पर्पज हाल के साथ ही परिसर की चहारदीवारी की डीपीआर बनाने का कार्य शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल ने परिसर की नाप-जोख के साथ सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। परिसर के नोडल अधिकारी डॉ. नवीन भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंता सुरेश भट्ट और अभियंता मोहित तिवारी के नेतृत्व में परिसर में होने वाले विकास कार्यों की डीपीआर तैयार की गई। उन्होंने कहा कि कुलपति जल्द डीपीआर को शासन में प्रेषित करेंगे। इस दौरान प्राचार्य प्रोफेसर चंद्र राम, छात्र संघ अध्यक्ष मुकेश महर, रंजीत नेगी, डॉ. किरन पंत, डॉ. रविशंकर जोशी, ग्राम प्रधान दीपक रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।