लोहाघाट (चंपावत)। ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की धमक से ग्रामीण दहशत में हैं। बाराकोट के च्यूरानी में तेंदुए के महिला पर हमला कर उसे घायल करने और मंगोली गांव में एक व्यक्ति को मौत के घाट उतारने के बाद से लोग शाम होते ही घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं।
लोहाघाट और बाराकोट ब्लॉक के कई गांवों में तेंदुओं की दहशत बढ़ गई है। तेंदुए के डर से नगर में दुकान चलाने वाले व्यापारी अब शाम होने से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर घर लौटने के लिए मजबूर हैं। चाय की दुकान चलाने वाले निर्मल सुतेड़ी, प्रकाश चंद्र, दिनेश ओली, राम सिंह और राजू सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तेंदुए काफी सक्रिय हो गए हैं। इससे भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग के रेंजर एनडी पांडेय ने बताया कि मंगोली क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने का प्रयास जारी है। तेंदुए को पकड़ने के लिए चार पिंजरे, 10 कैमरा ट्रैप और एक ड्रोन कैमरा की मदद ली जा रही है। क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शाम ढलने के बाद अकेले बाहर न निकलने और सुरक्षा बरतने की अपील की है।