चंपावत । जिला मुख्यालय में लोगों को जाम के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को नगर में जगह-जगह पार्क किए गए आड़े-तिरछे वाहनों के कारण कई बार बाजार में जाम लगा रहा। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। मुख्यालय, खेतीखान सड़क, गोलू लाइन, शांत बाजार, जीजीआईसी सहित अन्य जगहों पर दिनभर में कई बार जाम लगता रहा। जाम में स्कूली बस, सरकारी वाहन और अन्य वाहन काफी देर तक फंसे रहे। इससे यात्रियों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। टैक्सी यूनियन महासंघ के उपाध्यक्ष ललित भट्ट ने कहा कि बड़े वाहनों को मुख्य मार्ग के बजाय बाईपास से भेजा जाए तो जाम की स्थिति से राहत मिलेगी। टीएसआई ज्योति प्रकाश ने कहा कि यातायात पुलिस लगातार यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का काम कर रही है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में लोगों का भी सहयोग जरूरी है। संवाद