बनबसा (चंपावत)। बनबसा वासी बंदरों और हाथियों के उत्पात से खासे परेशान हैं। गांवों के अलावा अब बंदर बाजार तक पहुंच गए हैं और दुकानों से खाने-पीने का सामान उठा ले जा रहे हैं। इनसे परेशान व्यापारियों ने बंदर भगाने के लिए आदमी तैनात किया है। लोगों ने शासन-प्रशासन से बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की है।
सेना छावनी, आंबेडकर ग्राम फागपुर, एनएचपीसी, भजनपुर, चंदनी, बमनपुरी आदि गांवों में बंदरों ने अपना गढ़ बना लिया है। बंदर ना सिर्फ घरों से खाने-पीने का सामान उठाकर ले जा रहे हैं बल्कि लोगों पर हमला भी कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से बस अड्डे में स्थित दुकानों के अलावा बाजार तक में बंदर मौका लगते ही खाने-पीने का सामान उठा ले जा रहे हैं।
कुछ कारोबारियों ने तो एक आदमी बंदरों को भगाने के लिए तैनात किया है। होटल व्यवसायी किशन कापड़ी ने बताया कि बंदरों के उत्पात से बचने के लिए दुकान का पिछला दरवाजा बंद रखना पड़ता है। सब्जी, फल के ठेलों के अलावा किराना दुकानों में भी बंदर नुकसान कर रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी, महामंत्री अभिषेक गोयल ने शासन-प्रशासन से बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की है। समाजसेवी जनक चंद ने वन विभाग से जंगलों में बंदरों और हाथियों के लिए फलदार वृक्षों का रोपण करने की बात कही है।