सोशल मीडिया पर भगवान शिव पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। उन्होंने यूपी की तर्ज पर बुलडोजर और जय श्रीराम के नारों के साथ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। आक्रोशित लोगों ने विरोध में बाजार भी बंद करा दिया। इस बीच भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। सोमवार को सोशल मीडिया में नगर के वार्ड पांच निवासी आरोपी हाजी मुकीम खान की ओर से हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर लोगों में आक्रोश है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
सोमवार देर रात तक हंगामे के बाद मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद समेत विभिन्न संगठनों के आह्वान पर सैकड़ों लोगों ने बिजलीघर के पास से नगर में जुलूस निकाला। इस बीच लोगों ने व्यापारियों से दुकानें बंद करने का आग्रह किया जिस पर दुकानों के शटर गिरने लगे। इसके बाद तहसील में बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक अरुण वाल्मीकि ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि देवभूमि में कुछ समय से समुदाय विशेष की ओर से सुनियोजित तरीके से सामाजिक सौहार्द्र खराब करने की कोशिश की जा रही है। आरोपी हाजी मुकीम खान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हिंदुओं की आस्था पर चोट की है। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम आकाश जोशी के समक्ष पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक, विहिप जिला अध्यक्ष निर्मल थ्वाल, प्रीति शर्मा, ब्रज किशोर यादव, अनिता यादव, सौरभ कलखुड़िया, सचिन जोशी आदि ने आक्रोश जताया।
इधर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष निर्मल थ्वाल, सौरभ कलखुड़िया, हिमांशु प्रजापति, नरेश विश्वकर्मा, मनोज आदि ने सीएम कैंप कार्यालय में प्रदर्शन कर नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल को सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
आरोपी के घर की गली में तैनात रही पुलिस
आरोपी के खिलाफ सबूत एकत्रित कर रही पुलिस
हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोपी हाजी मुकीम खान के खिलाफ पुलिस सबूत जुटा रही है। सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 196, 299 बीएनएस और आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर जांच इंस्पेक्टर योगेश उपाध्याय को सौंपी है। आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। कहा कि इस तरह सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
अभाविप ने आरोपी हाजी मुकीम खान का पुतला फूंका
पुरानी जामा मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
पुरानी जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी सुन्नी बरेलवी के पदाधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम आकाश जोशी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि हिंदू देवता की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर डालने के आरोपी हाजी मुकीम खान की मुस्लिम समाज कड़ी निंदा करता है। ज्ञापन देने वालों में पुरानी जामा मस्जिद सदर नासिर हुसैन, सचिव अनीस अहमद, हाजी नईमुददीन, हाजी उस्मान, इंतखाब आलम सदर नई जामा मस्जिद, सचिव मो. फैजल शामिल हैं।