लोहाघाट की कोलीढेक झील में जान जोखिम में डालकर नहाने के साथ मछलियों का शिकार करते लोग। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। कोलीढेक झील की मरम्मत के दौरान पानी खाली करने के बाद लोग जान जोखिम में डालकर उसमें नहाने के साथ ही मछलियों का अवैध शिकार कर रहे हैं। झील की देखरेख कर रहे सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता बीबी पांडेय ने डीएम को ज्ञापन भेजकर झील में अवैध रूप से जा रहे लोगों पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कोलीढेक कृत्रिम जलाशय को खाली कर लेवल गेज स्थापन और जलाशय में खतरा बने सूखे हुए कुछ पेड़ों के निस्तारण की कार्यवाही की जा रही है। लोगों की सुरक्षा को लेकर लगाई गई फेंसिंग को अज्ञात लोगों ने जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त कर दिया है। कई लोग जान जोखिम में डालकर झील के डूब क्षेत्र में नहाने के साथ मछलियों का अवैध शिकार कर रहे हैं।
विभागीय कर्मियों की ओर से रोके जाने पर लोग उनके साथ अभद्रता कर रहे हैं। ईई ने लोगों को झील क्षेत्र में जाने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है। मालूम हो कि कुछ समय पूर्व पिथौरागढ़ की थरकोट झील में डूबने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया था।