चंपावत में विकास प्राधिकरण के विरोध में प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपते जनप्रतिनिधि।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय में विकास प्राधिकरण को लेकर विरोध शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
जनप्रतिनिधियों का कहना था कि प्राधिकरण के कारण नगर की जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्राधिकरण के चलते पूर्व में निर्मित आवासीय भवनों पर भी क्षेत्र की गरीब जनता को नोटिस दिया जा रहा है जो कि अव्यवहारिक है। इससे क्षेत्र की जनता में शासन-प्रशासन के खिलाफ रोष उत्पन्न हो रहा है।
चेतावनी दी कि यदि प्राधिकरण को तत्काल वापस नहीं लिया गया तो भविष्य में कभी भी उग्र आंदोलन हो सकता है। कहा कि प्राधिकरण के आवासीय भवनों के लिए कुछ नियम अव्यवहारिक हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों और आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत के नेतृत्व में प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में सभासद रोहित बिष्ट, कविता गोस्वामी, कलावती देवी, नंदन सिंह तड़ागी, प्रकाश नाथ, रमेश सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजेश जोशी, एससीएसटी परिसंघ उपाध्यक्ष एनआर टम्टा, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष हरीश सिंह चौधरी, उक्रांद जिलाध्यक्ष मोहन सिंह चौधरी, जिला विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष बसंत तड़ागी आदि शामिल रहे।