कोविड परीक्षण के लिए चंपावत कोतवाली के पास जीप रोकते पुलिस कर्मी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। पहली अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोविड का टीके लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। जिले में 45 साल से अधिक के कुल 75575 लोग हैं। इनमें से 60 साल से अधिक उम्र के 39397 लोग भी शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि जिले को ढाई हजार बॉयल प्राप्त हो चुकीं हैं। चंपावत जिला अस्पताल, लोहाघाट और टनकपुर उप जिला अस्पताल, बाराकोट, पाटी और बनबसा के अस्पतालों में कोविड का टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए इच्छुक व्यक्ति को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। वहीं अब तक फ्रंटलाइन वर्कर्स और हेल्थ केयर वर्कर्स को मिलाकर चंपावत जिले में 12747 लोगों को कोविड का टीका लग चुका है।
बाहर से आने वालों की जांच शुरू
चंपावत। कोरोना के बढ़ते खतरों के बीच एक बार फिर बाहर से आने वालों की कोविड की जांच शुरू हो गई है। एसीएमओ और नोडल अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडेय ने बताया कि चंपावत में आने वाले लोगों की कोतवाली के पास कैंप लगाकर कोविड की जांच की जा रही है। बीते दो दिनों में दो लोगों की जांच की जा चुकी है। अलबत्ता इनमें से अभी तक कोई संक्रमित नहीं पाया गया है। वैसे अब तक चंपावत जिले में 100422 लोगों की जांच हो चुकी है। जिसमें से 1826 कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें से 1797 ठीक हो चुके हैं। 20 केस अभी सक्रिय हैं। जबकि नौ लोगों की मौत हो चुकी है। (ब्यूरो)