टनकपुर (चंपावत)। शहर के ईमली पड़ाव वार्ड के दो दर्जन से अधिक घरों में लंबे समय से दूषित जलापूर्ति हो रही है। शिकायत के बाद भी जल संस्थान की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की लापरवाही को मुद्दा बनाते हुए लोक अधिकार मंच ने परेशान उपभोक्ताओं को साथ लेकर बुधवार को तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंप कर समस्या का जल्द समाधान कराने का आग्रह किया है।
लोक अधिकार मंच के अध्यक्ष संजीव कुमार आर्य की अगुवाई में संगठन के कार्यकर्ता और दूषित जलापूर्ति से परेशान ईमली पड़ाव वार्ड के लोग तहसील पहुंचे और जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पेयजल लाइन के पाइप गल चुके हैं और वार्ड के करीब दो दर्जन से अधिक घरों में लंबे समय से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। पानी इतना दूषित है कि उसे पीना तो दूर अन्य उपयोग में लाना भी मुश्किल हो रहा है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी विभाग की ओर से अब तक समस्या दूर कराने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन बदलकर जल्द समस्या दूर करने की मांग की है। प्रदर्शन में संगठन के महामंत्री मुकेश साहू, उपाध्यक्ष मुस्तफा अंसारी, प्रेमा देवी, दिनेश चंद्र शास्त्री, राजेश कश्यप, मोंटी सागर, अनुपम शर्मा, सतीश शर्मा, निशा, मो. नवी हसीन जहां आदि थे।
ईमली पड़ाव में दूषित पानी कहां से लाइन में प्रवेश कर रहा है, इसका पता लगाने के लिए विभाग के कर्मचारियों की टीम लगाई गई है। फाल्ट का पता चलते ही लाइन दुरुस्त कर शीघ्र जलापूर्ति सुचारु कराई जाएगी। -बीएस कुवार्बी, अपर सहायक अभियंता जलसंस्थान टनकपुर।