चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर स्थित बृजनगर, सुखीढांग, आमखरक में एक सप्ताह से पेयजल संकट गहराया है। जल संस्थान की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश है। इस संबंध में ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा को ज्ञापन सौंपा है।
बृजनगर, सुखीढांग, आमखरक में सात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार रहते हैं, इन्होंने आजादी के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। अनेकों बार महीनों तक जेल में अंग्रेजों की कठिन यातनाएं सहनी पड़ी थी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बची सिंह राना की दिव्यांग पौत्र बधू रेखा का कहना है कि एनएच पर स्थित मुख्य यात्री पड़ाव बृजनगर में आजादी के 75 वर्षों बाद पीने का पानी नसीब न होना बड़ी विडंबना है। ऊपर सड़क पर एक मात्र हैंडपंप से पानी भरकर सिर पर ढोकर लाना बहुत बड़ी चुनौती है। सेनानी परिवार स्वर्गीय चिंतामणी जोशी की पौत्र बधू मुन्नी जोशी का कहना है कि तीन दिन के अंदर पेयजलापूर्ति सुचारु नहीं हुई तो जल संस्थान टनकपुर जाकर कर्मियों और अधिकारियों को चूड़ियां भेंट करेंगी और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
तल्ला पाल विलौन संघर्ष समिति सुखीढांग के संयोजक पंडित शंकर जोशी ने बताया कि जल संस्थान की ओर से तीन वर्ष पूर्व पंप हाउस का निर्माण हो चुका है। लेकिन कनेक्शन नहीं किए जाने पंप चालू नहीं हो पा रहा है, इससे क्षेत्रवासियों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र की दो हजार से अधिक की आबादी के साथ सैकड़ों पर्यटकों को भी पानी नहीं मिलने से परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने सड़क पर उतर आंदोलन की चेतावनी दी है।