मवानीदवानी-आलम दारमा स्वीकृत सड़क का निर्माण न होने के विरोध में लोगों ने सोमवार को बंगापानी तहसील कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क का निर्माण कार्य शुरू न होने पर 19 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।
आक्रोशित लोगों ने तहसील प्रांगण में नारेबाजी की। तहसीलदार को संबोधित ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की ओर से सड़क स्वीकृत होने के बाद भी कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। सड़क न बनने से लोगों को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मुख्य सड़क तक आने के लिए उन्हें कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। कहा कि पहले भी यह मामला कई बार उठाया जा चुका है लेकिन सड़क का कार्य अभी तक शुरू नहीं किया जा रहा है। जबकि आलम दारमा वीरचक्र विजेता स्वर्गीय दीवान सिंह धामी का गांव है। इसके बावजूद गांव की उपेक्षा की जा रही है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने 18 अप्रैल तक सड़क का काम शुरू न होने पर तहसील कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है। कहा है कि इसके लिए प्रशासन और संबंधित विभाग जिम्मेदार रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में आलम दारमा के पूर्व प्रधान विजय सिंह धामी, व्यापार मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह धामी, आलम दारमा की प्रधान रूकमणि देवी, विक्रम सिंह दानू, एनएसयूआई के ब्लाक अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी, जिला संयोजक विजय कुमार आदि शामिल थे।