चंपावत। जिले में जल की कमी को लेकर सभी विकासखंडों में जल संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से 10 से 16 जून तक जल उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को डूंगरासेठी में जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय ने पौधारोपण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को संवेदनशील और सूख रहे जल स्रोतों, सहायक नदियों, तालाबों, धाराओं आदि सभी जल स्रोतों के संरक्षण की योजना बनाने पर जोर दिया।
सीडीओ संजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले में पानी की कमी से बचने के लिए और जल स्रोत को बढ़ाने के लिए जल उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला स्तर, ब्लाक स्तर तथा न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद में पौधरोपण और पानी को संरक्षित किया जाएगा। इस दौरान जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, जिला पंचायत राज अधिकारी रामपाल सिंह सहित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अन्य उपस्थित रहे।
इधर, जिला प्रशासन, यूकॉस्ट और नौला फाउंडेशन ने जल उत्सव कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर नौले, धारों की सफाई की गई। सोमवार को राकड़ीफुलारा में पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. बीसी जोशी की अध्यक्षता में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी और विशिष्ट अतिथि बाराकोट की लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूपेंद्र औलख ने किया। इस दौरान ईओ अशोक कुमार, सरिता बोहरा, हेमा रावत, गौरव पांडे, देवेंद्र सिंह, पूजा पुजारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद