रिलायंस की जिओ मोबाइल कंपनी की भूमिगत केबल बिछाते वक्त क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइन डेढ़ माह बाद भी दुरुस्त नहीं होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी का संकट बना हुआ है। न्यू टैक्सी स्टैंड कॉलोनी और वार्ड चार की मछली गली में पानी की किल्लत को देखते हुए अब जल संस्थान ने टैंकर से पानी का वितरण शुरू किया है। परेशान लोगों ने पानी की समस्या जल्द दूर नहीं करने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।
करीब डेढ़ माह पूर्व जिओ मोबाइल कंपनी ने ड्रिल मशीन के माध्यम से भूमिगत केबल बिछाने का काम किया था। इससे कई स्थानों पर जल संस्थान की पेयजल लाइन ड्रिल मशीन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। विभाग ने कई स्थानों पर तो लाइन दुरुस्त कर दी है, लेकिन वार्ड चार की मछली गली और न्यू टैक्सी स्टैंड कॉलोनी की लाइन में लीकेज अब तक विभाग नहीं खोज पाया है। जगन्नाथ चौराह से कोतवाली गेट तक तो लाइन दुरुस्त कर ली गई है, पर इससे आगे लाइन में अब भी जलापूर्ति ठप है।
विभाग ने अब टैंकरों से पानी का वितरण शुरू किया है। सभासद तुलसी कुंवर, दीपक बेलवाल, योगेश पांडेय, समाजसेवी सुषमा गुप्ता आदि लोगों का कहना है क्षेत्र के लोग पिछले डेढ़ माह से पानी का संकट झेल रहे हैं। पानी की समस्या ने घर का कामकाज और दिनचर्या को प्रभावित करके रख दिया है। उन्होंने जल्द व्यवस्था नहीं सुधरनेे पर सड़क में उतरने की चेतावनी दी है।
उधर, जल संस्थान टनकपुर के अपर सहायक अभियंता बीएस कुवार्बी का कहना है कि कई जगह खुदाई कर लाइन चेक की जा चुकी है, लेकिन ब्लाकेज का पता नहीं चल पा रहा है। कंप्रेशर मशीन मंगाई गई है। गड्ढे खुदवाकर कंप्रेशर मशीन से लाइन चेक करने की कार्रवाई चल रही है। ब्लॉकेज का पता चलते ही लाइन दुरुस्त कर पानी की समस्या शीघ्र दूर कर दी जाएगी।
टनकपुर (चंपावत)। शहर के वार्ड संख्या तीन के लोग पानी की समस्या झेल रहे हैं। शनिवार को उन्होंने तहसील पहुंच कर एसडीएम दयानंद सरस्वती को ज्ञापन सौंप जल्द समस्या दूर कराने का आग्रह किया है। कहा गया है कि वार्ड के शास्त्री चौक क्षेत्र के घरों में पिछले डेढ़ माह से जलापूर्ति ठप है।
विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। खानापूर्ति के लिए विभाग ने वार्ड में एक जगह गड्ढा खोदकर इतिश्री कर ली। ज्ञापन देने वालों में कविता, हरीराम, राकेश, मुकेशराज, राजीव, दिनेश, सायरा, रमेश, रेशमा, लक्ष्मी देवी, कौशल्या देवी आदि शामिल थे। ब्यूरो