चंपावत। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर स्वाला गांव में इन दिनों पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण गाड़-गाधेरों से प्यास बुझाने को मजबूर हैं।
शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमचंद्र भट्ट ने बताया कि चंपावत जिले के स्वाला गांव में 80 से अधिक परिवार निवास करते हैं। पांच पेयजल लाइन होने के बाद भी पेयजल संकट पैदा हो गया है। गांव की पेयजल लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त होने से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है। साथ ही ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द पेयजल आपूर्ति ठीक करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में 22 लाख रुपये की लागत से पेयजल निर्माण कार्य किया गया था, लेकिन उसके बाद भी संकट बना हुआ है। जल संस्थान के जेई अनिल कुमार ने बताया कि एनएच पर हो रहे भूस्खलन से मलबा आने के कारण पेयजल लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। जल्द ही लाइनों को ठीक किया जाएगा। संवाद