चंपावत। टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में डेंजर जोन स्वाला के समीप किमी 106 पर मलबा हटाने का कार्य शुरू हो गया है। लंबे जाम से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले साल जुलाई में स्वाला डेंजर जोन पर भारी मलबा आने से करीब 21 दिन तक यातायात बाधित रहा था। इससे चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों का संपर्क पूरी तरह कट गया था। इस क्षेत्र में पिछले साल से ही एनएचएआई काम कर रहा है।
ऐसे में पहाड़ी से मलबा और बोल्डर हटाया जा रहा है। इससे लगातार जाम लग रहा है। करीब आधे-आधे घंटे तक लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। एनएच के एई एनसी टम्टा ने बताया कि मलबा हटाने का काम दिन में किया जा रहा है। इससे यातायात कुछ देर के लिए बाधित हो रहा है।